दिन और रात के तापमान में आया उछाल
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मौसम में बदलाव के चलते कभी तापमान गिर रहा है तो कभी बढ़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह से कड़ाके की सर्दी शुरू होने की संभावना जताई है।
जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार बीती रात न्यूनतम तापमान में 3.30 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। रविवार सोमवार रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पहुंच गया था। वही सोमवार को अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री से अधिक का उछाल दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री के करीब आ गया था। तापमान में वृद्धि होने की वजह हवा का रुख बदलना माना जा रहा है। रविवार तक हवा उत्तर की ओर चल रही थी जो सोमवार से दक्षिण की ओर चलना शुरू हो गई है। कुछ दिनों तक हवा का रुख दक्षिण का रहेगा। लेकिन दिसंबर माह के प्रथम दिन से हवा की दिशा एक बार फिर उत्तर की होने से कड़ाके की ठंड का एहसास शुरू हो जाएगा। वैसे अभी कुछ दिन तापमान में गिरावट और उछाल का क्रम जारी रहेगा। दिसंबर माह के साथ जनवरी माह ठंड के बीच गुजरेगा इस बीच मावठे की बारिश भी हो सकती है।
धूप से मिल रही राहत
ठंड का मौसम शुरू होने के साथ ही धूप सुहानी लगने लगी है। सुबह के समय लोगों द्वारा धूप का आनंद लिया जा रहा है। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक लोग धूप में खड़े दिखाई देने लगे हैं। धूप से विटामिन भी मिलता है। कोरोना संक्रमण के चलते लोग धूप को भी बचाव का उपाय मान रहे है। डॉक्टरों द्वारा भी सलाह दी जाती रही है कि मानव जाति को कुछ देर के लिए धूप में खड़े होकर अपने शरीर के तापमान का संतुलन बनाए रखना चाहिए। लोगों को अब धूप से राहत मिलती दिखाई दे रही है।