दोनों घटनाओं में भाइयों को लगे चाकू
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बीती रात पुराने विवाद और शराब पीने के पैसे नहीं देने पर राजीव रत्न और ध्रुव नगर में चाकूबाजी हो गई। दोनों घटना में दो भाई घायल हुए हैं वही एक घटना में चाकू मरने वालों में भी दो भाइयों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने जानलेवा हमले और हफ्ता वसूली का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि रात 10 बजे ध्रुव नगर प्रजापति धर्मशाला के सामने घर लौट रहे राजेश पिता वीरभद्र सिंह रघुवंशी को क्षेत्र के ही रहने वाले दीपक कहार और लोकेश परमार ने रोक कर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जिसको लेकर विवाद होने पर दोनों ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच बीच बचाव के लिए राजेश का भाई शुभम आया तो दोनों हमलावरों ने उस पर भी चाकू और पत्थर से हमला किया। घटनाक्रम के बाद दोनों हमलावर भाग निकले जिनके खिलाफ हफ्ता वसूली और चाकूबाजी का प्रकरण दर्ज किया गया है। इस बीच रात 11 बजे के लगभग राजीव रत्न कॉलोनी में चाकूबाजी की घटना सामने आई। कॉलोनी में रहने वाला अर्जुन पिता आनंदी लाल माली पाउच लेकर घर लौट रहा था। इस दौरान उसे कॉलोनी में ही रहने वाले चेतन पिता इंदर लाल भाट और उसके भाई अर्जुन भाट ने पुराने विवाद के चलते रोका और चाकू से हमला कर दिया। विवाद का शोर सुनकर अर्जुन माली का भाई करण बीच बचाव के लिए पहुंचा तो हमलावर दोनों भाइयों ने उस पर भी हमला कर दिया। अर्जुन माली गंभीर रूप से घायल हुआ है वही करण को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों भाइयों के बयान दर्ज कर हमलावर भाइयों के खिलाफ प्राणघातक हमले का प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों चाकूबाजी की घटना के हमलावर फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
सड़क दुर्घटना में एक की मौत भाई घायल
माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया में मंगलवार देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में दो भाई घायल हो गए। जिसमें से एक की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कालू पिता लक्ष्मी नारायण नायक 16 वर्ष अपने भाई सचिन के साथ होटल बंद कर कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के समीप सामने से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों भाइयों के घायल होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया लेकिन रास्ते में कालू की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। घायल भाई सचिन का उपचार चल रहा है।