उज्जैन। बीती रात हीरा मिल की चाल में चाकूबाजी हो गई। ससुराल आया युवक गंभीर घायल हुआ है। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है जिसके खिलाफ जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया गया है। देवास गेट थाना पुलिस ने बताया कि पांड्या खेड़ी में रहने वाला अनिल पिता सुरेश यादव 20 वर्ष का ससुराल हीरा मिल की चाल में है। रात को वह ससुराल आया था। उसी दौरान ब्रिज के नीचे उसे संजय उर्फ कपड़ा ने रोक लिया और कहा कि हमारे इलाके में कैसे आया है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया और संजय ने चाकू से अनिल पर हमला कर दिया। शोर सुनकर अनिल का साला ब्रजेश और रिश्तेदार सागर बीच बचाव के लिए पहुंचे तो हमलावर ने सागर को भी चाकू मार दिया। चाकूबाजी की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल हीरा मिल की चाल पहुंची जहां से घेराबंदी कर हमलावर संजय को हिरासत में ले लिया गया। जिसके खिलाफ धारा 307 का प्रकरण दर्ज किया गया है। आज दोपहर बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।