उज्जैन। बीती रात दो बाइक में हुई भिड़ंत के चलते एक महिला की मौत हो गई और एक घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक महिला का आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। पवासा थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम भेसोदा और खजुरिया के भी दो बाइक में भिड़ंत हुई थी। एक बाइक पर मुन्नी बाई पति भैरूलाल 50 वर्ष निवासी सरसलाई शाजापुर और उसका रिश्तेदार तेजपाल सवार थे। दूसरी बाइक पर एक अन्य युवक सवार था। दुर्घटना के बाद वह भाग निकला। दूसरी बाइक पर सवार मुन्नी बाई और उसका रिश्तेदार तेजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां मुन्नी बाई को परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराया। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। मृतक महिला अपने रिश्तेदार के साथ उज्जैन आ रही थी।