उज्जैन। आज सुबह कानीपुरा-तराना मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ते डम्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता घायल हो गए। पीछे बैठी पुत्री की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने डम्पर में आग लगा दी। तराना और कायथा थाना पुलिस जानकारी लगते ही घटना स्थल जा पहुंची। बताया जा रहा है कि ग्राम कनासिया में रहने वाले रतनलाल पिता गिरधारीलाल 47 वर्ष अपनी पुत्री सपना 18 वर्ष के साथ बाइक पर सवार होकर उज्जैन से गांव की ओर लौट रहे थे। कानीपुरा-तराना मार्ग पर भूखी बिंजल गांव के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आए डम्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पीछे बैठी पुत्री सपना के गिरते ही डम्पर की चपेट में आ गई और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डम्पर छोड़कर मौके से भाग निकला।
आक्रोशित ग्रामीणों ने डम्पर में आग लगा दी। बड़ी दुर्घटना होने की जानकारी लगते ही तराना और कायथा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। डायल-100 की मदद से घायल पिता को उपचार के लिए उज्जैन भेजा गया। वहीं मृतका सपना का शव पोस्टमार्टम के लिए तराना अस्पताल पहुंचाया गया।

कक्षा 12वीं की छात्रा थी सपना
दुर्घटना की जानकारी लगते ही रतनलाल के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। मृतका के भाई ने बताया कि सपना कक्षा 12वीं की छात्रा थी और उज्जैन में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसने पुलिस भर्ती परीक्षा का फार्म भी भरा था। पिता उसे उज्जैन से घर लेकर लौट रहे थे
डम्पर बने यमदूत
पूरे जिले में डम्पर सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं। प्रतिदिन डम्पर से दुर्घटनाएं होना सामने आ रही हैं। पूर्व में मक्सी रोड पर हुई दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कुछ दिन का अभियान चलाया था जो अब ठंडे बस्ते में जा चुका है। जिले की आंतरिक और बाहरी सड़कों पर चालक डम्पर अनियंत्रित रफ्तार से दौड़ाते हैं। दुर्घटना के बाद मौके से भाग भी निकलते हैं। पुलिस कार्यवाही की लंबी प्रक्रिया के चलते लोगों की जान लेने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी नहीं हो पाती है।