माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद उत्तर भारत की पहाडिय़ों पर हो रही बर्फबारी से आज सुबह भी शहर में कोहरा छाया रहा। बादलों से सूर्यदेव नहीं निकले।
गुरुवार रात मौसम में आए परिवर्तन के चलते मावठे की बारिश से ठंड का आगाज हो गया था। शनिवार दिन भर बारिश हुई रविवार को सुबह दर्द भरी रही थी। आज सुबह से भी कोहरा छाया हुआ था। दोपहर तक सूर्य देव बादलों में छुपे हुए थे। मौसम में पूरी तरह से ठंडक घुली हुई थी। शहरवासी गर्म कपड़ों में लिपटे हुए थे। मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिन और बादल छाए रह सकते हैं। मौसम खुलने के बाद ठंड और बढ़ेगी। बादलों की वजह से तापमान में उछाल आया है। ठंडी हवा और नमी की वजह से कोहरा घना हो गया है। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद दक्षिण पश्चिम से लेकर मध्यप्रदेश तक एक द्रोणिका लाइन बनी हुई है जिसकी वजह से वातावरण में नमी आई है और बादलों से आसमान घिरा नजर आ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी है जिसका असर शहर में दिखाई दे रहा है। आगामी कुछ दिनों में ही कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। तापमान में भी गिरावट आएगी। आज सुबह जिस तरह से घना कोहरा और बादल छाए हुए थे उसे देखते हुए मौसम विभाग ने आज भी हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है।