माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
गुण्डे-बदमाशों के खिलाफ जारी अभियान में आज सुबह पुलिस और निगम की गैंग फाजलपुरा में बदमाश का मकान तोडऩे पहुंची। मकान में रहने वालों को बाहर निकालने के बाद जेसीबी से मकान तोडऩा शुरू किया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बदमाश हैदर पिता अकबर खान पर लूट, डकैती, चोरी, मारपीट, प्राणघातक हमले जैसे एक दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियां लगातार सामने आ रही थी। पुलिस प्रशासन द्वारा गुण्डे-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बदमाश के मकान को चिन्हित करने के बाद आज सुबह कोतवाली सीएसपी पल्लवी शुक्ला की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने मकान तोडऩे की कार्रवाई शुरू की है। सुबह 11.30 बजे पुलिस बल और निगम गैंग के साथ टीम फाजलपुरा स्थित गली नंबर 3 पहुंची थी जहां मकान अवैध तरीके से बना होने का नोटिस जारी होने पर उसमें रहने वालों को बाहर निकाला गया। उसके बाद जेसीबी की मदद से मकान को जमींदोज किया गया। विदित हो कि गुण्डे बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की शुरुआत तत्कालीन एसपी सचिन अतुलकर के समय शुरू हुई थी। जिसे कोरोना काल में रोक दिया गया था। लेकिन एक बार फिर जिले के कप्तान सत्येन्द्र कुमार शुक्ला के नेतृत्व में गुण्डे-बदमाशों पर अंकुश लगाने का काम शुरू किया गया है। जिसके चलते नवम्बर माह से लगातार बदमाशों की आर्थिक कमर तोडऩे का काम पुलिस द्वारा किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने 40 से अधिक गुण्डे-बदमाशों की सूची तैयार कर रखी है जिनकी संपत्ति की जानकारी निगम से लेने के बाद उनके मकानों को जमींदोज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह में करीब 25 से 30 बदमाशों के मकानों को तोड़ा जाएगा।