उज्जैन। छत से गिरे युवक को परिजन गंभीर हालत में उपचार के लिए लाए थे। निजी अस्पताल में देर रात मौत हो गई। मामले में माधवनगर थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। चंद्रावतीगंज के रहने वाले शुभम पिता सुनील चौधरी 22 वर्ष को परिजन रात को 10 बजे के लगभग गंभीर हालत में उपचार के लिए उज्जैन लाए थे। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां कुछ घंटे चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी लगने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। इस दौरान परिजनों ने बताया कि शुभम ने घर की छत पर दोस्तों और भाइयों के साथ मिलकर पार्टी मनाई थी। रात 9 बजे वह बचा हुआ भोजन एकत्रित कर छत से फेंकने का प्रयास कर रहा था। अचानक छत की कमजोर हो चुकी दीवार गिर गई। शुभम जमीन पर आ गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस ने परिजनों के बयान के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। शुभम इंदौर में रिटेल मार्केट का काम करता था और अविवाहित था।