कुछ दिन पहले कुख्यात भाई छैनू का तोड़ा था मकान, पुलिस लगातार गुण्डे-बदमाशों के खिलाफ चला रही अभियान
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
गुण्डा अभियान में आज दोपहर फाजलपुरा में बदमाश के मकान पर निगम का हथौड़ा चला है। कुछ दिन पूर्व बदमाश के कुख्यात भाई का मकान पुलिस ने निगम टीम के साथ मिलकर जमींदोज किया था।

नवम्बर माह से पुलिस प्रशासन और निगम टीम के साथ मिलकर गुण्डे-बदमाशों के खिलाफ अभियान चला रही है। बदमाशों की अवैध संपत्ति को जमींदोज किया जा रहा है। इसी क्रम में आज फाजलपुरा क्षेत्र में बदमाश जावेद पिता बाबू डबल के मकान पर पुलिस टीम की मौजूदगी में निगम की गैंग ने हथौड़े चलाए हैं। कुछ दिन पूर्व बदमाश के कुख्यात भाई छैनू के मकान को पुलिस ने जमींदोज करने की कार्रवाई की थी। सीएसपी पल्लवी शुक्ला की टीम सुबह 11 बजे से बदमाश के मकान पर कार्रवाई के लिए तैयारी में लग गई थी। निगम और पुलिस का अमला एकत्रित होते ही दोपहर 12 बजे कार्रवाई शुरू की गई। बताया जा रहा है कि जावेद के खिलाफ जुआ, सट्टा, मारपीट के मामले दर्ज हैं। उसका क्षेत्र में आतंक होना भी बताया जा रहा है। गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन ने पिछले दिनों 40 से अधिक गुण्डे-बदमाशों की सूची तैयार की थी। जिसमें बदमाशों की संपत्ति की जानकारी भी जुटाई गई है। कई बदमाशों के मकान अवैध और बिना अनुमति के बनाया जाना सामने आए हैं। जिनके खिलाफ पिछले कुछ दिनों से लगातार अभियान चलाकर मकानों को तोडऩे की कार्रवाई की जा रही है। 18 नवंबर के बाद से अभियान को गति दी गई थी। जिसके बाद से नानाखेड़ा, महाकाल, चिमनगंज, कोतवाली और अन्य थाना क्षेत्रों में करीब एक दर्जन बदमाशों के मकानों को अब तक तोड़ा जा चुका है।