माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
सड़क दुर्घटना में बीती रात डॉक्टर की मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में घायल वृद्ध की भी जान जाने पर पुलिस ने अज्ञात एक्टिवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
चिंतामण थाना प्रभारी प्रवीण पाठक ने बताया कि बीती रात बडऩगर मार्ग पर ग्राम नलवा के समीप बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। घटना स्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पास मिले दस्तावेजों से नाम ईश्वर पिता रामचंद्र 28 वर्ष निवासी ग्राम बालोदा थाना भाटपचलाना होना सामने आया। परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि ईश्वर एमएस डॉक्टर था और भोपाल में प्रेक्टिस करता था। रात को वह भोपाल से अपने गांव आ रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। रात को हुई दुर्घटना से पहले मंगलवार दोपहर मक्सी रोड पर पैदल जा रहे वृद्ध रणछोड़ पिता भुवान निनामा 64 वर्ष को तेज रफ्तार से आए एक्टिवा चालक ने टक्कर मार दी थी।
घायल हालत में वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था जहां कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। एक्टिवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई है। दोनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने मृतको के पोस्टमार्टम कराए हैं।
पावर लूम श्रमिक की संदिग्ध मौत
आज सुबह 10 बजे के लगभग ढांचाभवन के समीप पसारी कम्पाउण्ड में पावर लूम पर काम करने वाले श्रमिक की अचानक संदिग्ध मौत हो गई। लूमकर्मी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे जिन्होंने बताया कि मृतक मोहम्मद हारून 55 वर्ष निवासी गांधीनगर आगर रोड है। काम करते समय अचानक गिरने के बाद मौत हुई है। ड्यूटी कम्पाण्डर द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। मौत का मामला संदिग्ध होने पर चिमनगंज थाना पुलिस मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराएगी।