माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बेगम बाग क्षेत्र में हुई पत्थरबाजी के बाद रात भर फोर्स तैनात रहा। पुलिस पत्थरबाजों की धरपकड़ करती रही। 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। एक महिला के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
शुक्रवार शाम राम मंदिर निधि संग्रह यात्रा पर वर्ग विशेष के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव कर दिया गया था। जिसके बाद बेगम बाग क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई थी। 9 से 10 हिंदू संगठन युवा मोर्चा और संघ से जुड़े कार्यकर्ता घायल हो गए थ।े कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिन घरों की छत से पत्थरबाजों ने शहर की फिजा में जहर घोलने का प्रयास किया था उनको चिन्हित करते हुए धरपकड़ शुरू की गई। घटनाक्रम के बाद महाकाल थाना पुलिस द्वारा मामले में एक महिला सहित कई पत्थरबाजों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और धरपकड़ करते हुए 5 लोगों को अल सुबह तक हिरासत में ले लिया गया। स्थिति पर नजर बनाए रखने और शांत माहौल के लिए रातभर बेगमबाग क्षेत्र में फोर्स की तैनाती जारी रखी गई। आज सुबह भी पुलिस की चहलकदमी क्षेत्र में बनी हुई थी हालात सामान्य नजर आ रहे थे।
सुबह जायजा लेने पहुंचे कप्तान
घटनाक्रम के बाद जिला और पुलिस प्रशासन ने कुछ ही घंटों में हालात सामान्य कर लिए थे। महाकाल घाटी से हरी फाटक और ब्रिज की ओर जाने वाला मार्ग भी खोल दिया गया था। इस बीच आज सुबह हालातों का जायजा लेने के लिए पुलिस कप्तान सत्येंद्र कुमार शुक्ला बेगम बाग क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने तैनात फोर्स और पुलिस कर्मियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। कुछ देर क्षेत्र में नजर रखने के बाद कप्तान लौट गए।

सांसद और नेता पहुंचे थे थाने
शाम को बेगमबाग क्षेत्र में हुए घटनाक्रम के बाद सांसद अनिल फिरोजिया और भाजपा के साथ संघ से जुड़े नेता और कार्यकर्ता महाकाल थाने पहुंच गए थे। जहां उन्होंने कलेक्टर, एसपी से चर्चा कर सख्त कार्रवाई की मांग रखी। घायल कार्यकर्ताओं को देखने के लिए भी कई नेता जिला अस्पताल पहुंचे थे।