माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। बीती रात 11 बजे शिप्रा रेलवे ब्रिज से एक व्यक्ति का शव पुलिस ने बरामद किया जिसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान महेश पिता शालिग्राम बैरागी 34 वर्ष निवासी हाल मुकाम वल्लभनगर के रूप में हुई। मृतक मूल रूप से मक्सी रोड अशोक नगर का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार महेश फ्रीगंज स्थित कपड़े की दुकान पर काम करता था। 6 वर्ष पूर्व का विवाह हुआ था लेकिन कोई संतान नहीं थी। उसने आत्महत्या की है या उसके साथ हादसा घटित हुआ है इस बात की जानकारी सामने नहीं आ पाई। फिलहाल महाकाल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
आज कम दबाव से हुआ जल प्रदाय
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। नगर निगम द्वारा नवीन निर्माणाधीन 9 उच्चस्तरीय टंकियों से जल प्रदाय व्यवस्था प्रारंभ करने के क्रम में महेश नगर स्थित नवीन उच्च टंकी को भरने के लिए पाइप लाइन से जोडऩे हेतु इंटरकनेक्शन का कार्य किया गया है जिसके कारण गंभीर प्लांट के पंपों को आज बंद रखा गया है। उक्त कार्य देर रात तक चलने की संभावना है। इसको दृष्टिगत रखते हुए उज्जैन उत्तर क्षेत्र में आज शनिवार को होने वाला जल प्रदाय अत्यधिक कम दबाव से हुआ तथा उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में होने वाला जल प्रदाय कम दबाव से किया गया।
शुक्रवार को मिले 23 कोरोना पॉजीटिव
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। उज्जैन जिले में कोरोना संक्रमण के 23 नए मामले सामने आने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 4755 हो गई जबकि इनमें से 4422 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कल रात जारी हेल्थ बुलेटिन ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 486 प्राप्त सैंपल में से 23 कोरोना पॉजिटिव संक्रमित पाए गए। इनमें से उज्जैन शहर के 20 और महिदपुर तहसील के 2 व तराना तहसील के एक मरीज शामिल है। जिले में मरने वालों की संख्या 100 हो गई और 233 मरीजों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।