माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
सैर सपाटा में आज सुबह चाकूबाजी की घटना हो गई। एक युवक घायल हुआ है। अचानक हुई चाकूबाजी के बाद अफरा तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में हमलावरों की तलाश की जा रही है।
प्रति रविवार को सैर सपाटे की शुरुआत पिछले रविवार से की गई थी। आज दूसरा रविवार होने पर कई लोग शामिल हुए थे। अंकपात मार्ग से विष्णु सागर मार्ग तक व्यायाम, साइकिलिंग, देशभक्ति गीत के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जा रहे थे। इस बीच विष्णु सागर के समीप मुंह पर कपड़ा बांधे और शॉल ओढ़कर आए चार से पांच युवकों ने राजीव नगर में रहने वाले विवेक पिता रामकृष्ण सूर्यवंशी १६ वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई चाकू लगने से विवेक घायल होकर गिर पड़ा घटनाक्रम के समय विवेक का दोस्त यश भी था जो चाकू देखकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल डीजे की गाड़ी चलाता है। उसका कहना था कि किसी से कोई विवाद नहीं है और वह हमलावरों को नहीं पहचानता है। विदित हो कि पिछले वर्ष भी सैर सपाटा में विवाद और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई थी। वही देवास रोड पर आयोजित की जा चुकी रहागिरी में भी इसी तरह के विवाद हो चुके हैं। सुबह भीड़ में लोगों द्वारा अपनी आपसी दुश्मनी निकाली जा रही है।