माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन बच्चों में झगड़े के बाद महिलाओं में शुरू हुई गाली गलौज ने बड़ा रूप ले लिया और चाकू-तलवार चल गए। एक परिवार के 6 लोग घायल हो गए वहीं दूसरे पक्ष से दंपत्ति लहूलुहान हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों पर मामला दर्ज किया है। दो कि हालत गंभीर बताई गई है।
कंचनपुरा में रहने वाले सूर्यवंशी और रायकवार परिवार के बीच रात 11 बजे के लगभग चाकू और तलवार चल गए। दोनों पक्षों ने महिलाओं के साथ मिलकर एक दूसरे पर हमला किया। कुछ ही देर में गली नंबर 5 में अफरा तफरी और खून फैला नजर आने लगा। घायल लोगों को परिवार के सदस्य उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घटनाक्रम की जानकारी लगते ही डायल हंड्रेड कंचनपुरा पहुंच गई थी।
गाली गलौज के बाद महिलाओं में हुआ था विवाद
वही माधव नगर टीआई दिनेश प्रजापत घायलों से पूछताछ करने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा था कि सूर्यवंशी परिवार के बच्चे कबीर के साथ घर के सामने रहने वाले बालक का विवाद हुआ था। जिसको लेकर परिवार की महिलाएं उक्त बालक को समझा रही थी। इस दौरान गाली गलौज की जाने लगी। तभी समीप रहने वाले रायकवार परिवार की महिला उषा को लगा कि गाली उसे दी जा रही है। उसने भी अपशब्द कहना शुरू कर दिया और मामला बढ़ गया। उषा का पति संजू रायकवार चाकू लेकर आ गया। दूसरे पक्ष ने भी डंडे निकाल लिये और दोनों पक्ष एक दूसरे पर टूट पड़े। जिसमें हेमंत पिता श्यामलाल सूर्यवंशी और उसका भाई आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार में लक्ष्मी बाई पति श्यामलाल उसकी देवरानी जयंती बाई पति बृजलाल, श्यामलाल पिता बालचंद, टीनू पिता मथुरालाल और दीपिका घायल हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से संजू रायकवार को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी पत्नी उषा को भी उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घायलों की अस्पताल से छुट्टी होने पर गिरफ्तारी की जाएगी।