आगामी दिनों में फिर बढ़ेगी ठंड
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
दिसंबर माह के अंतिम दिन न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के करीब पहुंच गया था। जिसमें 7 डिग्री का उछाल रात को दर्ज किया गया है। दिन रात के तापमान में आए उछाल के बाद ठंड से राहत महसूस की जा रही है।
जीवाजीराव वैद्यशाला अधीक्षक राजेंद्र कुमार गुप्त के अनुसार 30 -31 दिसंबर की रात न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के करीब पहुंच गया था। बीती रात तापमान में 7 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री होने पर कड़ाके की ठंड से राहत महसूस की जा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया था जो पिछले दिन हो 18 डिग्री पहुंच चुका था। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला कम होने और मौसम साफ होते ही धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज हो रही है। वैसे हवा आज सुबह 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। लेकिन धूप खिली होने की वजह से ठंडी चुभन से राहत थी। कुछ दिन तापमान में वृद्धि बनी रहेगी। आगामी दिनों में एक बार फिर ठंड का असर महसूस किया जा सकता है।