नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानो का आंदोलन का आज 43वां दिन है। सरकार के साथ बातचीत के बावजूद हल नहीं निकलने से नाराज किसान आज दिल्ली की सभी सीमाओं और पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर से किसानों ने ट्रैक्टर रैली शुरू कर दी है। पंजाब के किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के महासचिव हरिंदर सिंह लखोवाल ने बुधवार को बताया कि पंजाब के किसान मार्च के लिए अपने ट्रैक्टरों के साथ आ रहे हैं। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के किसान भी रैली में शामिल होने वाले हैं। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्का ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पलवल में ट्रैक्टर रैली की। हम यहां से सिंघू सीमा की ओर बढ़ेंगे।