उज्जैन। बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन और नगर निगम का अमला अलर्ट हो चुका है। आज सुबह चिकन की दुकानें बंद कराई गई हैं। मुर्गा-मुर्गियों को दुकानों से वापस पोल्ट्री फार्म भेजा गया है।
प्रदेश में कौओं की लगातार हो रही मौत के बाद प्रशासन का अमला अलर्ट हो गया था। वेटेनरी चिकित्सकों के साथ जांच शुरू की गई थी। कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद लगातार नजर रखी जा रही है। आज सुबह नगर निगम का अमला शहर में चिकन की दुकानों को बंद कराने के लिए निकला था। तोपखाना, फाजलपुरा, फ्रीगंज और शहर के आसपास दर्जनों चिकन की दुकानों को बंद करा दिया गया है। दुकानों पर मौजूद मुर्गा-मुर्गियों को वाहनों में भरकर पोल्ट्री फार्म भेजा जा रहा है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कौओं की मौत का मामला सामने आ रहा है। पक्षियों में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। कुछ कबूतर भी मरे हैं।