कल से मौसम साफ होते ही बढ़ेगी ठंड, तापमान में आएगी गिरावट
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मौसम में बदलाव के चलते बारिश का रिमझिम क्रम रात भर से बना हुआ है। रविवार से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है जिसके बाद ठंड बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आएगी।
जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक राजेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा के चलते प्रदेश के कई हिस्सों और शहर में तेज और रिमझिम बारिश का दौर बना हुआ है। नम हवा की वजह से आर्द्रता का प्रतिशत 92 पहुंच गया है। 2 दिनों से आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ है जिसके चलते तापमान में उछाल दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंच गया था वही रात को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया है। आज सुबह हवा की गति पूरी तरह से थमी हुई थी। वेधशाला अधीक्षक के अनुसार कल से मौसम साफ होने की संभावना बनी हुई है जिसके चलते हवा की गति तेज होगी और मौसम सर्द हो जाएगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ेगी देर शाम से शुरू हुई बारिश रात में तेज हुई थी। सुबह बारिश का क्रम रिमझिम बना हुआ था। रात भर में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। दिसंबर और जनवरी माह में हो रही बारिश मावठे के रूप में दर्ज की जा रही है। ठंड के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी और नमी की आद्रता से जिस तरह की बारिश का असर बनता है।
कोहरे में लिपटी हुई दिखी सुबह
आज सुबह कोहरे में लिपटी भी नजर आई 7.00 बजे तक 500 मीटर तक देख पाना मुश्किल हो रहा था। दोपहर 12.00 बजे तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए थे। 2 दिनों से आज सुबह कोहरा अधिक छाया हुआ दिखाई दे रहा था। दोपहर बाद कोहरे में कमी आना शुरू हुई थी लेकिन धूप नहीं निकलने से मौसम पूरी तरह से बदला हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार आज का दिन इसी तरह से व्यतीत होगा। इस बार जनवरी माह पूरा ठंड के बीच गुजरने की संभावना बनी हुई है।
बारिश से जनजीवन पर पड़ा असर
आसमान में बादलों का डेरा होने की वजह से ठंड में कमी आई है और लोग राहत महसूस कर रहे हैं लेकिन बारिश की वजह से जनजीवन पर असर पड़ा है। देर शाम शुरू हुई बारिश की वजह से बाजार जल्दी बंद हो गया था। वही आज सुबह भी जारी बारिश के चलते बाजार देरी से खुले थे। सड़कों पर आवागमन काफी कम बना हुआ था सड़क मार्गों पर कई जगह पानी भर जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्मार्ट सिटी योजना के चलते टाटा कंपनी की खुदाई लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। सड़कों पर फैली धूल मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो चुकी थी जिसके चलते वाहन चलाना परेशानी का सबब बना हुआ था।