रतलाम की महिला मुख्यमंत्री से लगाएगी गुहार
उज्जैन। नगर निगम कॉलोनी सेल ने कानीपुरा मार्ग पर बिना अनुमति कॉलोनी काटने के मामले में महाडिक परिवार पर धोखाधड़ी का केस चिमनगंज थाने में दर्ज कराया है। रतलाम की महिला सुनीता पोरवाल ने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की थी। इस मामले में कॉलोनाइजर और दलाल पर प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। जिनके खिलाफ कार्यवाही के लिए महिला मुख्यमंत्री से गुहार लगाएगी। गौरतलब है कि नगर निगम कॉलोनी सेल के उपयंत्री राजेन्द्रसिंह रावत ने माडिग कॉलोनी कानीपुरा मार्ग पर कृषि भूमि का उपविभाजन किये बिना कॉलोनी काटने वाले मधुकर राव महाडिक की पत्नी प्रभादेवी और मनीष के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। लेकिन शिकायत दर्ज कराने वाली महिला सुनीता का कहना था कि कॉलोनी काटने में कॉलोनाइजर महेश परियाणी और दलाल जगदीश गुजराती जो कि कांग्रेस से राजनीति करता है, वह भी इस खेल में शामिल है। उसने इन्हीं के माध्यम से तीन प्लाट खदीदे थे। उसके प्लाटों पर बगीचे का निर्माण कर दिया गया। वह कई दिनों तक अपने प्लाट देने की बात इन लोगों से कहती रही लेकिन यह लोग टालमटोल करते रहे। वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराने के बाद नगर निगम ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है। कॉलोनाइजर और दलाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं होने पर महिला अब मुख्यमंत्री से गुहार लगाएगी और सोमवार को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखेगी।