माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
सूर्य के दक्षिण से उत्तरायण होने के पर्व 14 जनवरी के बाद ठंड से राहत मिलना शुरू हो गई है। दिन और रात के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। हवा की गति थमी नजर आ रही है।
मकर संक्रांति पर्व सूर्य के उत्तरायण होने का पर्व माना गया है। संक्रांति से पूर्व लोग ठंड की आगोश में जकड़े नजर आ रहे थे। लेकिन कल से तापमान में उछाल आने का क्रम शुरू हो गया है। बीती रात जहां न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है वही शुक्रवार को अधिकतम तापमान भी 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। इससे पहले न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से नीचे दर्ज हो रहा था। अधिकतम तापमान भी 28 डिग्री के नीचे चला गया था। लेकिन अब तापमान बढऩे के साथ ही ठंड से राहत महसूस की जा रही है। शुक्रवार को जहां दिन भर 2 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली वही आज सुबह हवा की गति पूरी तरह से थम चुकी थी। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार अभी कुछ दिन ठंड से राहत महसूस की जा सकती है। कुछ दिनों बाद एक बार फिर ठंड का एहसास हो सकता है। फिलहाल हवा की दिशा में परिवर्तन होने पर ठंड कम महसूस हो रही है। आद्रता का प्रतिशत भी कम हुआ है जिसके चलते सर्द हवा ठंड से राहत बनी हुई है। हवा की दिशा में बदलाव और रफ्तार बढ़ते ही फिर से ठंड का असर दिखाई देगा।