राजस्थान। जालौर जिले में बीती रात भीषण हादसा हुआ। यात्रियों से भरी दो बसें रास्त भटक गईं। इस दौरान जब बसें महेशपुरा से गुजर रही थीं, तब एक बस बिजली के तारों की चपेट में आ गईं। करंट पूरी बस में दौड़ गया और उसमें आग लग गई। हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 17 यात्री बुरी तरह झुलस गए। 7 की हालत गंभीर है, जिन्हें जोधपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डीएसपी हिम्मत सिंह ने 4 लोगों की ही मौत की पुष्टि की है। कुछ घायलों को जालौर रेफर किया गया था। जानकारी के अनुसार अजमेर से बाड़मेर के बीच चलने वाली प्राइवेट बस का चालक रास्ता भटक गया। वह यात्रियों से भरी बस लेकर जिले के कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के महेशपुरा गांव पहुंच गया। यहां जिस स्थान से बस गुजर रही थी, वहां बिजली के तार नीचे लटके हुए नजर आए। ड्राइवर ने कंडक्टर को बस के ऊपर चढ़ाया और लकड़ी से तार हटाने के लिए कहा। कंडक्टर जब ऐसा कर रहा था, तब वह तार की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। करंट बस में भी फैल गया। यात्रियों को झटके महसस होने लगे। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही बस में आग लग गई। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें चालक व कंडक्टर भी शामिल हैं। तत्काल हादसे की जानकारी प्रशासन व पुलिस को दी गई। पुलिस व प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराया। अभी भी कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।