उज्जैन। शनिवार को अधिकतम तापमान में 4 डिग्री का उछाल आने के बाद गुजरी रात न्यूनतम तापमान में कमी आ गई। जीवाजी राव वेधशाला के अनुसार सीजन की सबसे सर्द रात शनिवार-रविवार की रही है। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया है जो इस मौसम का सबसे कम है। पिछले 4-5 दिनों से ठंड का असर तेज बना हुआ है। जिसके आगामी दो-तीन दिन तक और बने रहने की उम्मीद है। आज सुबह हवा की गति शून्य हो चुकी थी। धूप खिली होने से लोग राहत महसूस कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से उत्तर दिशा की ओर से आ रही हवा से ठंड का असर बना हुआ है। हवा का रूख बदलने पर ही ठंड से राहत मिल पाएगी। वैसे इस बार फरवरी माह के 15 दिन भी ठंड के बीच गुजरने की संभावना बनी हुई है।