माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
वर्ष के दूसरे माह का पहला दिन ठंड से राहत लेकर आता दिखाई दिया है। दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। हवा की रफ्तार भी थमी हुई थी। आगामी कुछ दिन ठंड से राहत महसूस करने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
30 31 जनवरी की रात मौसम की सबसे ठंडी रात गुजरी थी। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया था जो इस मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात रही थी। लेकिन वर्ष के दूसरे माह का पहला दिन ठंड से राहत लेकर आया है। न्यूनतम तापमान में ढाई डिग्री की वृद्धि हुई है। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पहुंचा है। रविवार को अधिकतम तापमान में भी 1 डिग्री का उछाल आया था।
अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री रहा है। हवा की रफ्तार शाम को 4 किलोमीटर की थी। आज सुबह पूरी तरह से थमी हुई थी। धूप खिलने से ठंड का असर कम हुआ था। आज अधिकतम तापमान में और उछाल आने की उम्मीद बनी हुई है। आगामी रात भी न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। पिछला 1 सप्ताह ठंड की वजह से लोगों के लिए परेशानी बना हुआ था। जनजीवन भी पूरी तरह से प्रभावित नजर आ रहा था। मौसम विभाग के अनुसार अब ठंड में कमी आना शुरू हो जाएगी वैसे गुलाबी ठंड का एहसास होता रहेगा।