एक पुत्र और पिता की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बाइक पर सवार पिता अपने दो पुत्रों के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार से आई यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। पिता की मौके पर मौत हो गई। गंभीर घायल दोनों पुत्रों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। एक पुत्र ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया, दूसरे पुत्र की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

राघवी थाना पुलिस ने बताया कि महिदपुर के ग्राम कुकनी में रहने वाला मोहन लाल पिता भेरुलाल अपने 2 पुत्र विनोद और मुकेश के साथ सोमवार को उज्जैन आया था। जहां से देर शाम वापस अपने घर के लिए लौट रहा था। उज्जैन आगर मार्ग के बीच पलवा फंटे पर उनकी बाइक को तेज रफ्तार में आई बीके यादव ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक एमपी 13 पी 2818 ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता मोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पुत्रों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया यहां कुछ देर चले उपचार के बाद मुकेश की भी मौत हो गई। विनोद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने इंदौर रैफर कर दिया था। परिजन उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे हैं जहां उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में बस जप्त कर ली है, चालक मौके से भाग निकला था। पिता पुत्र की मौत के बाद गांव में माहौल गमगीन हो गया था। पिता का पोस्टमार्टम महिदपुर में कराया गया है। पुत्र का उज्जैन में दोपहर बाद दोनों की अंतिम यात्रा ग्राम कुकनी से एक साथ निकाली जाएगी। बताया जा रहा है कि पिता और दोनों पुत्र मिस्त्री का काम करते थे। महिदपुर में उनकी साइट चल रही है लेकिन काम होने की वजह से तीनों उज्जैन आए थे।
घायल जिला पंचायत के बाबू की मौत
1 माह पूर्व जीरो पॉइंट ब्रिज पर एक्टिवा और ऑटो के बीच हुई भिड़ंत में आगर रोड स्थित चिंतामन नगर में रहने वाले जिला पंचायत के बाबू अंशीराम पिता सखाराम भगत 50 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। बीती रात उनकी मौत हो गई। दुर्घटना का मामला देवास गेट थाना पुलिस ने दर्ज किया था। निजी अस्पताल के ड्यूटी कंपाउंडर की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है।