माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। नगर निगम अधिकारी और संपत्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हुई बहस के बाद आज दोपहर में कर्मचारी संघ द्वारा गेट मीटिंग रखी गई है। जिसमें काम करने को लेकर निर्णय लिए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि संपत्ति विभाग के अधिकारी और कर्मचारी निगम के वरिष्ठ अधिकारी से मिलने पहुंचे थे और टैक्स जमा नहीं करने वाले लोगों के यहां कुर्की की कार्रवाई पर चर्चा की। इस पर वरिष्ठ अधिकारी द्वारा कहा गया कि कुर्की की कार्रवाई करते समय संबंधित मकान पर ताला लगा दिया जाए। संपत्ति विभाग के कर्मचारियों ने इस बात से इनकार किया तो मामला बहस बाजी में बदल गया। कर्मचारियों का कहना था कि उन्होंने निगम के अभिभाषक से इस विषय पर चर्चा की है। अभिभाषक का तर्क था कि कुर्की की कार्रवाई करते समय तत्काल किसी के मकान पर ताला नहीं लगाया जा सकता। सिर्फ नोटिस चस्पा किया जा सकता है। अधिकारी और कर्मचारी के बीच हुई बहस के बाद आज दोपहर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश रघुवंशी के नेतृत्व में नगर निगम कर्मचारियों ने गेट मीटिंग दोपहर 1 बजे रखी है।