अभिषेक नगर के बंद मकान में मिली थी लाश, पुलिस को मिले महत्वपूर्ण सुराग
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करने वाले युवक का आज सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। उसके शरीर पर 16 चाकू के घाव होना सामने आए। हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं जिसके आधार पर हमलावरों की तलाश जारी है।

नानाखेड़ा सी 21 मॉल के पीछे अभिषेक नगर में रविवार रात से घर नहीं पहुंचे प्रॉपर्टी बोकर कृष्णपाल राठौर की लाश बंद मकान के कमरे में खून से लथपथ सोमवार दोपहर पार्टनर सलमान की सूचना पर पुलिस ने बरामद की थी। घटनास्थल पर एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल भी पहुंचे थे। मृतक फ्रीगंज महिला थाने के समीप रहता था। आज सुबह पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान शरीर पर 16 चाकू के घाव होना सामने आए हैं। 5 चाकू सीने में लगे थे, 6 पेट पर, 5 हाथ और 1 पैर पर गहरा घाव था। पुलिस को आशंका है कि हत्या प्रॉपर्टी विवाद या फिर अवैध संबंधों के चलते की गई है। हत्या में तीन से चार आरोपी शामिल हो सकते हैं। हत्या से पहले प्रॉपर्टी ब्रोकर को नग्न कर दिया गया था। घटनास्थल पहुंचे एसपी ने महत्वपूर्ण सुराग मिलने और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने की बात कही है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एक टीम आरोपियों की तलाश में लगा रखी है। घटनाक्रम सामने आने के बाद मृतक के परिजन और रिश्तेदार पहुंचे थे। उनके अनुसार कृष्णपाल के गले से सोने की चेन, हाथ की दो अंगूठी और मोबाइल भी गायब है। मृतक के कपड़े भी मौके से नहीं मिले हैं। हत्या करने वाले घटना को अंजाम देने के बाद मकान का ताला लगाकर फरार हुए हैं।

जिस मकान में हत्या हुई वह विवादित
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि जिस मकान में कृष्णपाल राठौर की लाश मिली है वह विवादित है। कुछ समय पूर्व मां-बेटी के बीच मकान विवाद का मामला थाने तक भी पहुंचा था। उक्त मकान मधु जैन पति स्वर्गीय अभय जैन का होना सामने आया है। मधु जैन अपने परिवार के साथ वर्तमान में इंदौर निवास कर रही हैं। कृष्णपाल राठौर प्रॉपर्टी का काम करता था जिसके चलते मकान बेचने के लिए उसने जैन परिवार से चाबी ले रखी थी। जब वह रविवार रात घर नहीं पहुंचा तो उसके परिवारजन और उसका पार्टनर सलमान तलाश में जुट गए थे। सोमवार दोपहर सलमान अभिषेक नगर पहुंचा था। मोबाइल बंद आने और मकान की चाबी घर पर नहीं होने की शंका में उसने दरवाजा तोड़ा। उसने अपने पार्टनर की लाश देखकर पुलिस को सूचना दी थी।