बडऩगर मार्ग पर हुई दुर्घटना, 15 से अधिक लोग दोनों वाहनों के चालक सहित घायल, नशे में था ट्रक चालक
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
आज सुबह 11 बजे के लगभग बडऩगर मार्ग पर यात्री बस और ट्रक के बीच आमने सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में 15 के लगभग लोग घायल होना सामने आए हैं। दोनों वाहनों के चालक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ट्रक का चालक नशे की हालत में होना बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बडऩगर बीके यादव ट्रेवल्स की बस 35 से 40 यात्रियों को लेकर उज्जैन के लिए रवाना हुई थी। चंदूखेड़ी नलवा के बीच बस की भिड़ंत सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक से हो गई। दुर्घटना होते ही ट्रक और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों के बीच हाहाकार मच गया। दुर्घटना देख आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और घायलों को बस से बाहर निकाला गया जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस की डायल-100 और एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना की जानकारी लगते ही अस्पताल स्टॉफ पूरी तरह से अलर्ट हो गया था। घायलों के पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार की शुरुआत कर दी। गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया। मामूली रूप से लगी चोटग्रस्त लोगों का उपचार ओपीडी में किया गया।

अधिकांश घायलो को उपचार के लिए वार्ड में भर्ती किया गया है। घायल सोनू पंजाबी निवासी कहारवाड़ी और राहुल राव निवासी महाराजवाड़ा मैदान ने बताया कि बस बडऩगर से उज्जैन आ रही थी। इसी बीच ट्रक से भिड़ंत हुई है। ट्रक का चालक नशे की हालत में था। दुर्घटना के बाद उसने भागने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे घेर लिया। वह भी घायल हुआ है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार घायलों में बस का चालक शाहरूख निवासी बदनावर और क्लीनर चरणसिंह घायल हैं। ट्रक ड्रायवर का नाम सामने नहीं आ पाया है। बस और ट्रक के चालक की हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए भर्ती किया गया है। अन्य घायलों में ईश्वर पिता रामाजी 35 साल निवासी गांव सिलोदिया, आलोक पिता फूलसिंह 30 वर्ष, राहुल पिता गोविंद 22 वर्ष, कमलसिंह पिता रामसिंह 32 वर्ष ग्राम कसरावदा, अमीना बी पति कयासउद्दीन शाह, सोनू पंजाबी, राहुल राव घायल हैं। कुछ घायलों को मामूली चोट लगी थी जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।
दुर्घटना स्थल पर लगा लंबा जाम
बीच मार्ग पर हुई दुर्घटना के बाद चंदूखेड़ी मार्ग पर लंबा जाम लग गया था। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार दिखाई दे रही थी। बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर वह चलने की स्थिति में नहीं रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क मार्ग से दोनों वाहनों को हटाने के लिए क्रेन बुलवाई थी। समाचार लिखे जाने तक दोनों वाहन सड़क पर ही खड़े थे और पुलिस यातायात सुचारू कराने के प्रयास कर रही थी। मामला चिंतामण थाना क्षेत्र का होने पर पुलिस बल पहुंचा था। जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद सड़क पर जमा हुए ग्रामीणों को भी हटाकर यातायात शुरू कराया। बताया जा रहा है कि ट्रक उज्जैन से बडऩगर की ओर जा रहा था।