माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
चार दिन पूर्व हफ्ता नहीं देने पर पथराव करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों का एक अन्य साथी भी पकड़ाया है जो जिलाबदर होना बताया जा रहा है। पथराव करने वाले बदमाशों को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। जिलाबदर बदमाश को आज पेश किया जाएगा।
अतिरिक्त विश्व बैंक कालोनी में रहने वाला राजेश पिता बद्रीलाल मालवीय आईस्क्रीम का व्यवसाय करता है। चार दिन पूर्व जब वह घर लौट रहा था तो उसे चार पांच बदमाशों ने रोका और आईस्क्रीम मांगकर खाई। राजेश ने पैसे मांगे तो बदमाशों ने उससे कहा कि धंधा करना है तो हफ्ता देना होगा। जिसको लेकर विवाद की स्थिति बन गई और बदमाशों ने पथराव कर दिया। जिसमें मौके पर खड़ी अवि जैन की लोडिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बदमाश राजेश को धमकी देकर भाग निकले थे। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद लक्की पिता बद्रीलाल बरगुंडा 18 वर्ष और उसके तीन नाबालिग साथी निवासी मंगलनगर को गिरफ्तार किया गया। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि बदमाशों का पांचवा साथी गणेश बरगुंडा भी पुलिस की गिरफ्त में आया है जो जिलाबदर है। पुलिस द्वारा उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आज जिलाबदर बदमाश को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दो दिन की रिमांड पर बैट्री चोर
उज्जैन। कार में सवार होकर रात को वाहनों की बैट्री चोरी करने वाले अतुल पिता देवकरण पाटीदार निवासी पीपलरावां देवास हालमुकाम अशोक नगर पाटीदार छात्रावास को चिमनगंज पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया है। जिसके पास से चोरी की बैट्री व अन्य सामान जब्त हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।