22 से अधिक दर्ज हैं अपराध, रासुका में भेजा गया था जेल
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा गुण्डा अभियान चलाया जा रहा है। बदमाशों के मकान तोड़े जा रहे हैं। आज सुबह एक बार फिर पुलिस और नगर निगम का अमला बेगमबाग क्षेत्र में बदमाश का मकान तोडऩे के लिए पहुंचा है।
महाकाल थाना क्षेत्र के बेगमबाग की गली नंबर 3 में रहने वाले बदमाश मोहसीन उर्फ बच्चा पिता मकसूद क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है जिसके खिलाफ कई तरह 22 अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में रासुका की कार्रवाई भी की जा चुकी है। गुण्डा सूची में शामिल होने की वजह से पुलिस ने उसकी अवैध संपत्ति की जानकारी निगम से जुटाई थी। बदमाश का मकान अवैध तरीके से बना होना सामने आया। जिसके चलते आज पुलिस टीम नगर निगम के साथ बदमाश के मकान को तोडऩे के लिए पहुंची है। बदमाश का मकान संकरी गली में होने की वजह से जेसीबी नहीं पहुंच सकी थी। पुलिस ने मकान खाली कराने के बाद नगर निगम टीम की मदद से मकान को जमींदोज करने के लिए हथौड़े चलाना शुरू किए हैं। बताया जा रहा है कि रासुका के बाद बदमाश जेल से बाहर आ चुका है। उसके परिवार ने विरोध दर्ज करने का प्रयास किया था लेकिन बदमाश की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए परिवार का विरोध काम नहीं आया। विदित हो कि पुलिस ने गुरुवार को बेगमबाग क्षेत्र में कुख्यात बदमाश सोहेल पिता अनवर खान के मकान को भी जमींदोज किया था। इस दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध करने के लिए परिवार और समाज के लोग एकत्रित हो गए थे।
बदमाश द्वारा दो मंजिला मकान अवैध तरीके से बनाया गया था। जिसे सीएसपी अश्विन नेगी की मौजूदगी में तोड़ा गया था। आज भी बदमाश के खिलाफ हो रही कार्रवाई में सीएसपी नेगी, महाकाल टीआई अरविंद तोमर, एसआई गगन बादल सहित पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंची है। गुण्डे-बदमाशों के खिलाफ पुलिस का अभियान पिछले तीन से चार माह से चलाया जा रहा है जिसमें अब तक दो दर्जन से अधिक बदमाशों के मकान तोड़े जा चुके हैं। इस अभियान में कुछ मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।