रात 2 बजे कैमरे में कैद हुई घटना
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मंदिर के समीप खड़े लोडिंग वाहन के रात को शरारती तत्वों द्वारा कांच फोड़ दिए गए। आज सुबह जानकारी सामने आने पर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गए तो एक बदमाश अपने साथी के साथ पत्थर फेंककर वारदात को अंजाम देता कैद दिखाई दिया।
किशनपुरा में मनीष भदाले ने अपना लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी-13-एल-2566 घर के समीप कालका माता मंदिर के पास रात्रि में खड़ा किया था। आज सुबह नींद से जागने पर वाहन के कांच फूटे नजर आए। रात में असामाजिक शरारती तत्वों द्वारा की गई घटना को लेकर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गए तो उसमें रात 2 बजे एक युवक आता दिखाई दिया और पत्थर उठाकर वाहन पर फेंकता कैद हो गया। घटना के बाद उसका साथी भी वहां से भागता हुआ कैमरे में दिखाई दिया है। मनीष के अनुसार कैमरे में दिख रहे दो युवक की पहचान हो गई है। एक का नाम संदीप और दूसरे का साहिल है। मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई गई है। दोनों युवक भरत नामक युवक के साथी हैं जिससे काफी समय पहले कहासुनी हुई थी। संभवत: इसी के चलते उन्होंने वाहन के कांच फोडऩे की घटना को अंजाम दिया है। दोनों की तलाश करने पर वह नहीं मिल पाए थे।