उन्हेल नागदा मार्ग पर भी काल बनकर दौड़ी हार्वेस्टर
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बीती रात दुर्घटनाओं के बीच गुजरी 3 परिवारों के चिराग बुझ गए वही मजदूरों पर काल बनकर हार्वेस्टर चढ़ गई। रात को शुरू हुआ क्रम सुबह भी जारी था। इसके चलते एक युवक को जिंदगी की जंग जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
बीती शाम ढलने के बाद एकाएक सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहली खबर मक्सी से शिव शक्ति कोल्ड स्टोर के सामने हुई। दुर्घटना में पलटी ऑटो में सवार सुभाष पिता राजमल निवासी शाजापुर की मौत के रूप में सामने आई। बताया जा रहा था कि सुभाष अपनी पत्नी ममता और बेटे नवदीप के साथ महाकाल दर्शन करने उज्जैन आया था। लौटते समय दुर्घटना हुई है। रात 9 बजे के लगभग तीनों को जिला अस्पताल लाया गया था। जहां सुभाष को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी और बेटे का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दूसरी दुर्घटना मक्सी रोड स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और श्री सिंथेटिक मार्ग के बीच में हुई। देवास जिले के टोंक खुर्द में रहने वाला दारासिंह पिता हरिनारायण सारोलिया अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर निकला था। ट्रैक्टर से भिड़ंत होने पर दारासिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा था कि दारा सिंह पिछले कुछ सालों से पिंगलेश्वर स्टेशन पर चौकीदारी का काम कर रहा था। उसका दोस्त गंभीर घायल है।

तीसरा मामला रात 1.30 से 2 बजे के लगभग इंदौर गेट स्थित होटल गुजरात के सामने हुआ। क्षीरसागर क्षेत्र का रहने वाला अक्षत पिता उमेश शर्मा 22 वर्ष अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए होटल विक्रमादित्य गया था। जहां से बुलेट पर सवार होकर घर लौट रहा था। गुजरात होटल के सामने टाटा कंपनी की खुदाई के बाद रिपेयर किए गए उबड़ खाबड़ मार्ग की वजह से उसका संतुलन बिगड़ गया और डिवाइडर से टकराने के बाद सिर में लगी गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई। अक्षत वकालत की पढ़ाई कर रहा था। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराए हैं।
मजदूरों पर हार्वेस्टर चढ़ाने के बाद भागा चालक
दुर्घटनाओं के क्रम में रात 8.30 से 9 के लगभग उज्जैन से 40 किलोमीटर दूर उन्हेल नागदा रोड पर बड़ी सड़क दुर्घटना होना सामने आई। मजदूरों का एक दल जैसलमेर जाने के लिए बस के इंतजार में सड़क किनारे बैठा हुआ था। उसी दौरान अंधेरे में हार्वेस्टर मशीन चलाता हुआ आया चालक मजदूरों के दल पर चल गया। दुर्घटना होते ही चीख-पुकार सुनाई देने लगी। महिला मजदूर हार्वेस्टर में फंसकर काफी दूर तक चली गई जिस की मौके पर ही सांसे थम गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतिका का नाम सीनापति पति गजबशाह 33 वर्ष निवासी ग्राम सुवासरा होना सामने आया। उसकी बहन वक्तावन बाई के साथ कुछ अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर का चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हार्वेस्टर को जप्त कर लिया है। बताया जा रहा था कि मृतिका घायल बहन निवासी माली खेड़ी और अन्य मजदूरों के साथ जीरा कटाई की मजदूरी के लिए जैसलमेर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी।
दोपहर 12 बजे आगर रोड पर दुर्घटना में मासूम की मौत
बीती देर शाम शुरू हुए सड़क हादसों के क्रम में आज दोपहर 12 बजे आगर रोड पर भी हुई दुर्घटना मेें एक मासूम की जान चली गई और हमउम्र साथी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आगर रोड स्थित ग्राम सुरासा में बाइक पर सवार तीन मासूम कटिंग बनवाने के लिए जा रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से दौड़ती कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में जयसिंह पिता जगदीश आंजना 13 वर्ष निवासी कालियादेह महल की मौत हो गई। वहीं सुमित पिता सुंदरलाल 12 वर्ष घायल हो गया। तीसरे साथी राजेश को मामूली चोट लगी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटना स्थल घट्टिया थाना क्षेत्र का होना बताया जा रहा था। जिला अस्पताल में मासूमों के परिजन पहुंच गए थे। अस्पताल पुलिस चौकी भी घटना स्थल की तस्दीक में लगी हुई थी।