उज्जैन। कथा मंडली से अपने कजिन भाई के साथ देर रात घर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आज सुबह पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।
मक्सी का रहने वाला कपिल पिता दिलीपराव 27 वर्ष कथा मंडली का सदस्य था। वह कथा में संगीत उपकरण बजाने का काम करता था। मंगलनाथ मंदिर क्षेत्र में चल रही कथा से देर रात अपने कजिन भाई संतोष के साथ बाइक पर सवार होकर घर जाने के लिए निकला था। कजिन भाई तराना का रहने वाला था जिसे घर छोडऩे के बाद वह अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान ग्राम मुंडली के आगे उसे अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। गंभीर घायल होने पर उसे देर रात उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आज सुबह पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। एक अन्य मामले में माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम झलारा की रहने वाली पुष्पा बाई पति ओम प्रकाश चौहान 21 वर्ष को परिजन चैरिटेबल अस्पताल उपचार के लिए लेकर पहुंचे थे जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गेहूं निकालते समय उसे चक्कर आए थे और तबियत बिगड़ गई थी। लेकिन आशंका जताई जा रही है कि पुष्पा ने जहर खाया है। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए डॉक्टरों की पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।