11 लोग महाराष्ट्र से नेपाल जा रहे थे
भिंड। उल्लास नगर महाराष्ट्र से 11 लोग सतुरी नेपाल अपने घर ओमनी वैन से जा रहे थे। इसी दौरान भिंड-ग्वालियर हाइवे ज्ञानेंद्रपुरा आसमानी मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने ओमनी वैन में टक्कर मार दी। इस घटना में वैन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात गंभीर घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल ग्वालियर रैफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
भिंड जिले के ज्ञानेंद्रपुरा इलाके में आसमानी माता मंदिर के पास ओमनी वैन एमएच 02 बीटी 8385 में सवार लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भिंड पुलिस मौके पर पहुंच गई और गाड़ी में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों ने बताया कि वह लोग सेतुरी नेपाल के रहने वाले हैं और उल्लास नगर महाराष्ट्र से नेपाल जाने के लिए निकले थे। वैन में सवार ग्यारह लोगों में से तीन पुरूष एवं एक महिला की हादसे में मौत हो गई है। इसके अलावा उदय उम्र 31 साल, कृष्णा उम्र 28 साल, सीता उम्र 22 साल, विनोद उम्र 30 साल, शेर बहादपुर उम्र 42 साल , प्रकाश उम्र 21 साल, किशन उम्र 28 साल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल रैफर किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वैन को किस वाहन ने टक्कर मारी है।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर पलटी डबल डेकर बस, 6 यात्री जख्मी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिले के दनकौर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर फर्रुखाबाद से गुरुग्राम जा रही डबल डेकर बस शुक्रवार सुबह अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से कम से कम 6 यात्री घायल हो गए। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। दनकौर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है जहां घायलों का इलाज चल रहा है। यमुना एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें 5-6 यात्रियों को हल्की चोटे आई हैं जिसमें 3 लोगों कों उपचार के लिए कैलाश हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा भेजा गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। यातायात सामान्य रूप से चालू है। आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को रोड से हटा दिया है और ट्रैफिक को बहाल कर दिया गया है।