हिन्दूवादी संगठन के कार्यकर्ता पहुंचे मंदिर, पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन/बडऩगर
बडऩगर में आज शनिवार होने पर अतिप्राचीन हनुमान मंदिर दर्शन करने के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को जला हुआ देखा तो आक्रोश फैल गया। जानकारी लगते ही हिंदूवादी संगठन के कार्र्र्यकर्ता भी मंदिर पहुंच गए। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पड़ताल में जुट गई है।

बडऩगर स्थित मिर्ची चौक के पीछे भीमराज के बाग में अतिप्राचीन हनुमान मंदिर बना हुआ है। जहां आज सुबह दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को जला हुआ देखा तो आक्रोश फैल गया। हनुमान प्रतिमा जलाए जाने की खबर तेजी से क्षेत्र में फैली और कई श्रद्धालुओं के साथ हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता मंदिर पहुंच गए। जानकारी लगते ही बडऩगर थाना प्रभारी सतनामसिंह अपनी टीम के साथ जांच के लिए पहुंचे थे। इस दौरान सामने आया कि प्रतिमा पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई है। पुलिस टीम ने जली हुई प्रतिमा से जली हुई सामग्री के सेम्पल लेकर जांच के लिए फॉरेंसिक लेब भेजन की बात कही है। थाना प्रभारी के अनुसार रात में असामाजिक तत्वों द्वारा इस तरह के घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है। जिससे श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई है। यह कृत्य काफी निंदनीय है। जिसको अंजाम देने वालों की तलाश शुरू की गई है। जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। मंदिर में हुई घटना को देखते हुए लोगों को समझाइश दी गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिए जाने की मांग की है।
मंदिर के आसपास नहीं लगे कैमरे
पुलिस के अनुसार मंदिर अतिप्राचीन है और सड़क मार्ग से काफी अंदर है। जांच के दौरान क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे देखे गए हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्र होने की वजह से कैमरे नहीं लगे होना पाए गए। पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मंदिर की ओर आने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संभावना है कि घटनाक्रम को असामाजिक तत्वों द्वारा देर रात अंजाम दिया गया है। वहीं घटना कारित करने वाले नशे की प्रवृत्ति के हो सकते हैं। मंदिर के आसपास घुमने वाले लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल मामले में अज्ञात के खिलाफ आगजनी का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पुलिस यह जानकारी भी जुटा रही है कि मंदिर से कुछ चोरी तो नहीं हुआ है।