माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
भांजी को बाजार लेकर आया युवक देर शाम वापस बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में सड़क दुर्घटना होने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मासूम भांजी घायल हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आज सुबह युवक का पोस्टमार्टम कराया है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम दाऊद खेड़ी में रहने वाला बहादुर सिंह पिता राजाराम झाला 18 वर्ष अपनी 8 वर्षीय भांजी दिव्या को बाजार लेकर आया था। जहां से दोनों वापस रात 8 बजे के लगभग बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। सांवराखेड़ी मार्ग वाकणकर ब्रिज के समीप सीमेंट गोदाम के सामने बहादुर अपनी बाइक का संतुलन नहीं संभाल पाया और सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया। दुर्घटना के समय बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। मौके पर ही बहादुर की सिर में गंभीर चोट लगने पर मौत हो गई। मासूम भांजी दिव्या घायल हुई। दुर्घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। भांजी ने परिजनों की जानकारी दी जो रात में ही जिला अस्पताल पहुंच गए थे। मासूम दिव्या को डॉक्टरों ने उपचार के लिए भर्ती कर लिया था। मृतक बहादुर का शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया था। आज सुबह पुलिस में मामले की जांच शुरू की और मृतक का पोस्टमार्टम कराया है। घटना स्थल पहुंच कर भी पुलिस वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करेगी।