माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। बीती रात मजदूरी कर घर लौटे महिला ने अपनी बेटी के साथ मारपीट की और खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। उसे गंभीर हालत जिला अस्पताल लाया गया जहां मजिस्ट्रेट बयान दर्ज कराए गए। पुलिस ने बेटी से भी पूछताछ की है। चिंतामन थाने के एसआई कनेश ने बताया कि रात 8 बजे के लगभग चिंतामन गणेश मंदिर के समीप कॉलोनी में रहने वाली अनीता पति पीरुलाल 36 वर्ष ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली थी और घर से बाहर निकल आई थी। लोगों ने उसे आग की लपटों से घिरा देखा तो बचाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान सामने आया कि अनीता आसपास की महिलाओं के साथ लहसुन तोडऩे की मजदूरी के लिए गई थी। जब वह शाम को घर लौटी तो उसकी 13 वर्षीय बेटी बर्तन मांज रही थी। जिसे देखकर उसने उसे जमकर पीटा और कपड़े नहीं धोने की बात कही। बेटी मां की मार से बचने के लिए समीप रहने वाले रिश्तेदारों के यहां चली गई। इस बीच अनीता ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। एसआई के अनुसार महिला के मजिस्ट्रेट बयान दर्ज कराए हैं। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल अधिकारी को बुलाया गया है। महिला का पति भोपाल में चार्टर्ड बस चालक है जो घर पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर देर रात वह भी लौट आया है। महिला मूल रूप से इंगोरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है और कुछ माह पूर्व ही परिवार उज्जैन में चिंतामन मंदिर के पास किराए के मकान में रहने आया था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अनीता की हालत गंभीर बनी हुई है उसके दो बच्चे है। जब उसने खुद को आग लगाई बेटा घर पर नहीं था।