माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद आज से प्रशासन एक बार फिर सख्त हो गया है। मास्क नहीं लगाने वालों को अस्थायी जेल का रास्ता दिखाया जा रहा है। सुबह से ही पुलिस ने कई चौराहों पर धरपकड़ अभियान की शुरुआत कर दी थी।
जिले में एक बार फिर कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले एक सप्ताह में ही 150 से अधिक संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं रविवार को जारी हुए कोरोना हेल्थ बुलेटिन में मरने वालों की संख्या में भी एक व्यक्ति का इजाफा हो चुका है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती लागू करने का निर्णय ले लिया है। जिसके चलते आज से मास्क नहीं पहनने वाले और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की शुरुआत कर दी गई है। आज सुबह से शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस द्वारा मास्क नहीं पहनने वालों की धरपकड़ की जा रही थी और वाहनों में डालकर उन्हें अस्थायी जेल का रास्ता दिखाया जा रहा था जहां 12 से 15 घंटे उन्हें सजा के रूप में रखा जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों को भी सख्त हिदायत देकर जुर्माना वसूलने की कार्यवाही जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। विदित हो कि दो माह पहले कोरोना संक्रमण का ग्राफ काफी कम होने के बाद लोगों द्वारा लापरवाही बरती जाने लगी थी। लेकिन प्रशासन लगातार जागरूकता की अपील कर रहा था। बाजार में लोग बिना मास्क के घुमते दिखाई दे रहे थे। जिसका नतीजा एक बार फिर सामने आया है। लापरवाही अब लोगों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। दिन ब दिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने जिले में मरीजों की संख्या को देखते हुए ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है जिसमें रात का कफ्र्यू या लॉकडाउन की योजना हो। लेकिन प्रशासन मरीजों की बढ़ती संख्या पर नजर बनाए हुए है। अगर हालात बिगड़ते हैं तो फिर से लॉकडाउन जैसी सख्ती शहर में नजर आ सकती है।
442 में से 34 की रिपोर्ट पॉजीटिव
रविवार देर रात जारी हुए कोरोना हेल्थ बुलेटिन में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 34 सामने आई है जिसमें नागदा के 2 मरीज शामिल हैं। 32 मरीज शहर के हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महावीर खण्डेलवाल के अनुसार रविवार को ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 15 थी। अब तक 5210 लोग कोरोना से ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। 26 मार्च 2020 से लेकर 14 मार्च 2021 तक 5526 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें 104 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 177263 लोगों के सेम्पल जांच के लिए भेज चुका है। जिस तरह से कोरोना का संक्रमण एक बार फिर बढ़ रहा है उसे देखते हुए जांच सेम्पल लेने की रफ्तार को भी तेज किया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार आज सुबह तक 212 कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार जारी था। जिसमें 115 में संक्रमण के लक्षण नहीं थे। 97 मरीजों में लक्षण अधिक दिखाई दे रहे हैं।