माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मौसम में हुए बदलाव से एक बार फिर शुक्रवार शाम होने से पहले 4 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा के साथ बारिश और ओले गिरते दिखाई दिए। जिससे दिन और रात का तापमान दोनों कम हुआ है। बारिश की संभावना रविवार तक बनी होने की जताई जा रही है।
पश्चिमी विक्षोभ से उठे चक्रवात के चलते बुधवार से ही मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। जिसका असर शुक्रवार शाम ढलने से पहले एक बार फिर नजर आया। अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते ओले गिरने से जमीन पर सफेद चादर नजर आने लगी। करीब आधे घंटे तक इसी तरह का नजारा बना रहा। उसके बाद मौसम पूरी तरह से साफ हो गया। बुधवार देर शाम भी अचानक हवा के साथ बारिश का क्रम शुरू हो गया था। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद जीवाजीराव वेधशाला ने अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की, वही शुक्रवार शनिवार रात न्यूनतम तापमान में साढे 4 डिग्री की गिरावट आ गई। मौसम में ठंडक घुल चुकी थी। वेधशाला अधीक्षक के अनुसार रविवार तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है और हल्की बारिश का नजारा देखा जा सकता है। इससे पहले मार्च माह के दूसरे सप्ताह से तापमान ने अपनी उड़ान भरना शुरू कर दिया था। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका था वहीं अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री की ओर कदम बढ़ाता दिखाई दे रहा था।
खेतों में फसलों को पहुंचा नुकसान
शुक्रवार शाम ढलने से पहले अचानक हुई बारिश और ओले गिरने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान होना बताया जा रहा है। ओले गिरने से खड़ी फसल आली हो चुकी थी। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगी है उन्हें अपनी फसल खराब होने का डर सता रहा है। प्रदेश के कई शहरों में बारिश और ओले गिरने का नजारा सामने आया है। फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ ही मौसम की बीमारी का खतरा भी बढ़ गया है। जहां लोगों के शरीर का तापमान गर्मी के मौसम में ढलने की ओर बढ़ रहा था वही तापमान गिरने से एक बार फिर ठंडक का असर महसूस किया गया है जिससे सर्दी जुखाम का खतरा बढ़ गया है।