दोस्त गंभीर घायल, परिजन पहुंचे अस्पताल, पुलिस कर रही अज्ञात पिकअप की तलाश
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बीती रात कानीपुरा रोड पर बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार से आई अज्ञात पिकअप ने कुचल दिया। दुर्घटना स्थल पर एक की मौत हो गई दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतक एमआर था।
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि कानीपुरा रोड पेट्रोल पंप के समीप रात 9 बजे बाइक सवार दो युवक सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हो गए थे। 108 एंबुलेंस दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। एक की मौत हो चुकी थी दूसरा गंभीर घायल था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो दुर्घटना अज्ञात पिकअप वाहन से होना सामने आया। मृतक की पहचान बलराम पिता ईश्वर प्रसाद प्रजापति 27 वर्ष मूलनिवासी मोहन बड़ोदिया हाल मुकाम रतन एवेन्यू पता चला। घायल शिवराज चंद्रावत निवासी कालूखेड़ा है। दुर्घटना की जानकारी लगने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए थे घायल शिवराज को हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल ले जाया गया। आज सुबह दुर्घटना में मृतक युवक का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान सामने आया कि मृतक बलराम एमआर शिप का काम करता था। देर शाम वह नीमच से लौटकर आया था। दवा बाजार में खड़ी अपनी बाइक लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में दोस्त शिवराज मिल गया जो एनएसयूआई का छात्र नेता है। दोनों बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए कनीपुरा चले गए थे। जहां से लौटते समय दुर्घटना हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वही दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश में पेट्रोल पंप और आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं।
