घायल की हालत गंभीर, सीने में फंसी है गोली
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
फ्रीगंज में शुक्रवार शाम हुए गोलीकांड को दो नाबालिगों ने अंजाम दिया था। दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दोनों बरगलाने का काम कर रहे हैं। उधर घायल की हालत गंभीर होना बताई गई है।
माधवनगर थाना क्षेत्र माधव नगर अस्पताल के सामने शुक्रवार शाम लॉकडाउन लगते ही बाइक सवार लोकेश उर्फ काजू परमार 21 वर्ष निवासी कीर्ति नगर नानाखेड़ा को बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने गोली मार दी थी। गोली मारने वाले युवकों का पहला फायर भी सो गया था दूसरी गोली चलाने पर लोकेश की कमर और पेट के बीच लगी थी। लोकेश जान बचाने के लिए फ्रीगंज से दरगाह मंडी चौराहा तक भागा था। घटनाक्रम के बाद चिमनगंज थाना पुलिस घायल लोकेश को जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। जहां पुरानी रंजिश में गोलीकांड होना घायल ने बताया था। पुलिस ने गोली मारने वालों की तलाश में एक टीम गठित कर दी थी। बीती रात पुलिस को सफलता मिल गई है। दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में दोनों पुलिस को बरगलाने का काम कर रहे हैं। कभी गोली मारने की वजह पैसे का लेन देन तो कभी लोकेश द्वारा उन्हें परेशान करने की बात उनके द्वारा बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों से गोली चलाने की सही वजह का पता पूछताछ कर लगाया जा रहा है। संभवत दोपहर बाद दोनों को बाल न्यायालय में पेश किया जा सकता है। विदित हो कि लोकेश को गोली लगने के बाद सामने आया था कि वह बदमाश प्रगति का है उसके खिलाफ तीन से चार मामले नानाखेड़ा थाने पर दर्ज है।
सीने में फंसी गोली, हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि लोकेश को गोली लगने के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया था। जहां उसका ऑपरेशन कर गोली निकालने का प्रयास किया गया लेकिन जहां गोली लगी थी वहां डॉक्टरों को गोली नहीं मिल पाई। शरीर में गोली की तलाश करने के लिए शनिवार को सीटी स्कैन कराया गया जिस में सामने आया कि गोली उसकी कमर और पेट के बीच से होती हुई सीने में जा फंसी है। डॉक्टरों द्वारा गोली की जानकारी सीटी स्कैन के माध्यम से सामने आने के बाद दोबारा से आज उसका ऑपरेशन किया जा सकता है। वैसे बताया जा रहा है कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। शरीर में गोली फंसी होने से उसका जहर भी फैल रहा है।