माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
शुक्रवार को लगाया गया 60 घंटे का लॉकडाउन 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक का कर दिया गया है। पुलिस एक बार फिर 40 डिग्री पहुंचते तापमान में चौराहों पर नजर आ रही है। जिन्हें धूप से बचाने के लिए चौराहों पर टेंट लगाए गए हैं। लोगों की जान बचाने के लिए एक बार फिर पुलिस ने अपने घर परिवार से दूर होते हुए कोरोना की चेन तोडऩे के लिए मैदान संभाल लिया है।

जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है शनिवार को जारी हेल्थ बुलेटिन में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 218 सामने आई है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंत्री विधायकों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री से चर्चा कर 60 घंटे के लॉकडाउन को 19 अप्रैल तक कर दिया है। लॉकडाउन बढ़ते ही पुलिस ने भी मैदान संभाल लिया है प्रमुख चौराहों पर बैरीकैट्स लगाकर मार्गो को बंद किया गया है। पुलिस कर्मियों द्वारा लगातार ड्यूटी कर लोगों को जागरूक करने और कोरोना की चेन तोडऩे की मशक्कत करते देखा जा रहा है। इस बीच दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने अपने पुलिस कर्मियों की सुरक्षा और उन्हें धूप से बचाने के लिए चौराहों पर टेंट लगवाना शुरू कर दिए हैं। जहां ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी छांव में बैठ सकेंगे पुलिस कर्मियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। गौरतलब हो कि पिछले वर्ष भी कोरोना की चेन तोडऩे में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी उस दौरान भी दिन रात पुलिस ने लोगों की जान बचाने के लिए मैदान संभाले रखा था। पिछले वर्ष भी 40 डिग्री से ऊपर तापमान पहुंच गया था और पुलिसकर्मियों ने पीपीई किट पहनकर मैदान संभाले रखा था। एक बार फिर संक्रमित गिरफ्तार काफी तेज हो चुकी है और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को ही मैदान संभालना पड़ा है। शहर वासियों को पुलिस कर्मियों का सहयोग करना होगा तभी दोबारा से कोरोना की जंग जीतने का प्रयास सफल हो पाएगा।