रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें रांची के पल्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार, धोनी के पिता पान सिंह और माता देविका देवी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के फौरन बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। इस बीच अस्पताल के डॉक्टर्स का कहना है कि धोनी के माता-पिता की स्थिति सामान्य है और उनका ऑक्सीजन लेवल ठीक है। यही नहीं, अब तक कोरोना वायरस का संक्रमण दोनों लोगों के फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। इसके साथ इलाज कर रहे डॉक्टर्स ने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ दिनों में धोनी के पिता पान सिंह और माता देविका देवी संक्रमण मुक्त हो जाएंगे।