छतरपुर जिला अस्पताल में 5 घंटे तक ऑक्सीजन सप्लाई बंद
छतरपुर। मध्यप्रदेश में तमाम कोशिशों के बाद भी ऑक्सीजन पूरी नहीं मिल पा रही है। बड़े शहरों के साथ अब छोटे शहरों में भी ऑक्सीजन की कमी से मौतें होने लगी हैं। छतरपुर जिला अस्पताल में 5 घंटे तक ऑक्सीजन सप्लाई बंद रहने से कोरोना के 4 मरीजों की मौत हो गई। वहीं मुरैना जिला अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से संक्रमित महिला ने अपनी मां की गोद में ही दम तोड़ दिया। इससे पहले शुक्रवार को ग्वालियर के 7 अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म होने से 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई थी।
देश में कोरोना के करीब साढ़े तीन लाख मामले, 27 सौ से अधिक लोगों की मौत
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार तीन लाख से ज्यादा दर्ज किए जा रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3 लाख 49 हजार 691 मामले दर्ज किए हैं वहीं 2,767 लोगों की जान गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए आंकड़ों के मुताबिक, अबतक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,69,60,172 पहुंच गया है, जिसमें से एक्टिव मामलों की संख्या 26,82,751 है। मौत का आंकड़ा 1,92,311 पहुंच गया है। इसके साथ ही 2,17,113 ठीक भी हुए हैं, जिसके बाद कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1,40,85,110 पहुंच गई है।
दिल्ली में लॉकडाउन 1 हफ्ते बढ़ा
नईदिल्ली। राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। अभी सोमवार सुबह 7 बजे लॉकडाउन खत्म होना था, जिसे अरविंद केजरीवाल ने एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया। केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कोरोना के कारण दिल्ली में आपातकाल जैसे हालात हैं। सभी आपस में मिलकर काम कर रहे हैं। ऑक्सीजन की सप्ला को लेकर सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कहीं सफलता मिली हैं, कहीं नाकामी। उम्मीद है जल्द हालात सामान्य हो जाएंगे। केंद्र सरकार की तरह से 700 टन ऑक्सीजन का अलॉटमेंट हुआ है, लेकिन यह ऑक्सीजन हमें पूरी नहीं मिली है। ऑक्सीजन को लेकर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं पश्चिम बंगाल से खबर है कि यहां एक टीएमसी प्रत्याशी का कोरोना से निधन हो गया है। खरदहा से ममता बनर्जी की पार्टी के प्रत्याशी काजल सिन्हा की मौत हो गई। ममता बनर्जी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।