भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मालवीय ने शहर के मोक्षधामों का किया दौरा
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
उज्जैन संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ चिंतामण मालवीय ने शहर के मोक्ष धामों का दौरा किया। वहां जलती चिताओं को देख वे द्रवित हो उठे और दौरे में उन्होंने देखा कि त्रिवेणी मोक्षधाम पर लकड़ी जमाने वाले कर्मचारियों की संख्या में कमी है। उन्होंने चक्रतीर्थ पर अंतिम संस्कार हेतु पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए कलेक्टर एवं निगमायुक्त से बात करने को कहा।

डॉ. चिंतामण मालवीय सोमवार को इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी मोक्ष धाम पर पहुंचे और वहां का जायजा लिया। यहां पर उन्हें नगर निगम के प्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने सारी जानकारी दी। श्मशान में अंतिम क्रिया कर्म करने आए लोगों ने बताया कि बताया कि यहां सीएनजी गैस से चलने वाले शवदाहगृह में शव जलने में देर लगती है वहीं लकड़ी से जलाने में भी काफी समय लगता है। क्योंकि नगर निगम के कर्मचारी यहां पर्याप्त संख्या में मौजूद नहीं है इसके अलावा वहां लोगों ने मांग की कि यहां नि:शुल्क क्रिया कर्म किया जाए और नगर निगम शुल्क माफ करें। यहां से डॉ. चिंतामण मालवीय शिप्रा नदी स्थित चक्रतीर्थ पहुंचे और वहां पर अशोक प्रजापत ने बताया कि यहां पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नगर निगम की ओर से की जाए और यहां पर अंतिम क्रिया कर्म करने के लिए ओटले बनाये जाए।

डॉ. मालवीय ने बंद पड़े विद्युत शवदाहगृह का भी काम देखा। यहां पर इसे चालू करने के लिए मरम्मत का काम चल रहा है। श्री मालवीय के साथ फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष ओम जैन, भाजपा नगर मंत्री महेंद्र सिंह रघुवंशी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह बैस, अर्जुन सिंह भदोरिया, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्रविजय सिंह चौहान छोटू बना आदि मौजूद थे।