अहमदाबाद। गुजरात के भरूच में कोविड अस्पताल में देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है। हादसा भरूच के पटेल वेलफेयर अस्पताल में रात लगभग 12.30 से एक बजे के बीच हुआ। इस घटना में कई घायल भी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर आग बुझाने पहुंची। पटेल वेलफेयर अस्पताल की पहली मंजिल को कोरोना मरीजों के लिए कोविड केयर सेंटर बनाया गया था।
भरूच के एसपी राजेंद्र सिंह चुडासमा ने बताया कि आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। बाद में इसपर काबू पा लिया गया। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। अस्पताल के मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है और उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में 18 लोगों के मरने की खबर है. फायर डिपार्टमेंट को आग लगने की सूचना रात 12.55 बजे मिली। भरूच के एसपी ने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। करीब 50 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के तुरंत बाद यहां भर्ती मरीजों को नजदीकी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में कई पेशेंट्स आ गए। हादसे के कारणों की शुरुआत में कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।