उज्जैन। आज सुबह नागझिरी क्षेत्र में स्कूटी लेकर आ रहे दो युवकों को सामने से आई मैजिक लोडिंग ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक ऑटो भी चपेट में आ गई और एक युवक की मौत हो गर्ई। दूसरा घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।
बताया जा रहा है कि नागझिरी क्षेत्र में रहने वाला फरहान पिता मंसूर खान 19 वर्ष मैकेनिक का काम करता था। आज सुबह वह अपने दोस्त फैजान पिता मकसूद खान के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। इस दौरान शिप्रा विहार के समीप तेज रफ्तार से आई लोडिंग मैजिक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में फरहान की मौके पर मौत हो गई। फैजान घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद मैजिक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था जिसे लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। लोडिंग मैजिक में सीमेंट भरी होना बताया जा रहा है वहीं यह भी सामने आया है कि फरहान स्कूटी सुधारने के लिए ला रहा था। वह बाजार से तरबूज भी खरीदने गया था। दुर्घटना के बाद नागझिरी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मृतक युवक का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया है। घायल का उपचार जारी है।