राज्यपाल धनखड़ ने कहा- राज्य में चल रही हिंसा बंद हो
कोलकाता। ममता बनर्जी ने बुधवार सुबह 1तीसरी बार बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण में चौंकाने वाली बात रही, राज्यपाल की हिदायत और उस पर बंगाल की सीएम का रिएक्शन। शपथग्रहण के बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ममता को समझाते हुए कहा कि राज्य में जारी हिंसा तुरंत बंद होनी चाहिए। इसके बाद ममता ने कहा कि अभी राज्य की व्यवस्था चुनाव आयोग के पास थी, अब मैं नई व्यवस्था शुरू करूंगी।
ममता ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि अभी प्राथमिकता कोविड के खिलाफ लड़ाई को जीतना है। उन्होंने बंगाल में चल रही हिंसा को लेकर कहा कि बंगाली जनता हिंसा पसंद नहीं करती है। हिंसा फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आज के बाद हिंसा की घटना नहीं होनी चाहिए। राज्यपाल जगदीश धनखड़ ने भी कहा- उम्मीद है ममता बनर्जी संविधान का पालन करेंगी। हम चाहते हैं कि राज्य में कानून-व्यवस्था का राज हो और ये हिंसा तुरंत बंद होनी चाहिए।
भाजपा विधायकों को नड्डा ने कार्यालय में शपथ दिलाई
बंगाल विधानसभा में जीत हासिल करने वाले भाजपा विधायकों को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोलकाता स्थित दफ्तर में शपथ दिलाई। नड्डा ने कहा कि हम विपक्ष की भूमिका का जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे। भाजपा देशभर में ममता सरकार का विरोध भी करेगी। पार्टी का आरोप है कि चुनाव के बाद तृणमूल राजनीतिक हिंसा पर उतारू हो चुकी है।
जेपी नड्डा के लिए बने स्टेज को तोड़ा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद राज्यभर में हो रही हिंसा की खबरों के बीच अब प्रदेश भाजपा मुख्यालय के सामने बनाए गए मंच को भी तोडऩे की घटना हुई है। भाजपाकार्यकर्ताओं पर हमले के खिलाफ इस मंच से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा धरने की शुरुआत करने वाले थे। मंच तोडऩे का आरोप कोलकाता पुलिस पर लगा है।