उज्जैन। कोरोना संक्रमण का बुधवार को रिकॉर्ड टूटा और बना भी। जहां सबसे अधिक अब तक के पॉजिटिव मरीजों की संख्या सामने आई वही स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या भी अब तक की सबसे अधिक रही। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए कलेक्टर ने सड़कों पर भी मैदान संभालना शुरू कर दिया है आज सुबह प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ कलेक्टर सड़कों पर लोगों से पूछताछ करते नजर आए।
बुधवार को देर रात जारी हुए कोरोना हेल्थ बुलेटिन में अब तक 1 दिन में पॉजिटिव आने वाले लोगों की संख्या 410 सामने आई। वही स्वस्थ होने वालों की संख्या 454 रही जो 1 दिन में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा है। जिले में बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह आज सुबह से सड़कों पर प्रशासनिक और पुलिस अमले के साथ निकल पड़े थे। उन्होंने सड़कों से गुजर रहे लोगों से रोक कर घर से निकलने का कारण पूछा। इस दौरान घर से निकलने का उचित कारण नहीं बताने वालों को अस्थाई जेल भेजने की कार्रवाई भी की। कलेक्टर अपनी टीम के साथ शिप्रा नदी के घाटों पर भी पहुंचे और वहां हो रहे उत्तर विधान कार्यों को बंद कराया। अभी तक कलेक्टर अस्पतालों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आधी रात को शासकीय से लेकर निजी अस्पताल तक पहुंच रहे थे और होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना संक्रमित लोगों के घरों तक पहुंच कर उनसे जानकारी जुटा रहे थे। लेकिन अब उन्होंने सड़कों पर उतर कर मैदान संभाल लिया है कलेक्टर के लगातार प्रयासों को देखते हुए अब लगने लगा है कि जल्दी संक्रमण की चेन ब्रेक होगी। कलेक्टर ने आज से सख्त कार्रवाई के आदेश भी जारी कर दिए हैं।