उज्जैन। प्रदेश में किसी वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने और हवाओं का रुख पश्चिमी होने से बादल छंट गए हैं। इससे उज्जैन सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। रात का तापमान भी बढ़ा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार शाम से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। इस दौरान उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, शहडोल, होशंगाबाद, सागर, भोपाल संभाग के जिलों में बादल छाने की संभावना है। आज दोपहर 12 बजे बाद अचानक मौसम बदला और हल्की बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू काश्मीर से आगे बढ़ गया है। वर्तमान में मप्र में भी कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस वजह से नमी कम हो गई है। बादल छंटने और हवाओं का रुख पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी होने से तापमान धीरे-धीरे बढऩे लगा है। हालांकि पूर्वी मप्र में कुछ नमी मौजूद रहने के कारण कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो रही है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रवात की शक्ल में अफगानिस्तान और उसके आसपास सक्रिय है। उत्तर भारत की तरफ आगे बढ़ रहे इस सिस्टम का असर शुक्रवार शाम से मप्र में दिख सकता है। हवाओं का रूख बदलने और वातावरण में नमी आने से एक बार फिर बादल छाने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।