नई दिल्ली। भारत में कोरोना महामारी के हाहाकार के बीच देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने कोहराम मचाया हुआ है। अब यहां सरोज अस्पताल में कोरोना ब्लास्ट हुआ है। यहां अस्पताल के 80 डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि एक डॉक्टर की तो कोरोना से मौत भी हो गई है। डॉक्टर्स के इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित होने की खबर से बाद से अस्पताल में हड़कंप मच गया है। ऐसे में अन्य डॉक्टरों के साथ मरीजों के परिजन भी घबराए हुए हैं। एक अस्पताल में इतने डॉक्टरों का कोरोना संक्रमित होना सभी के लिए चिंता का विषय बन गया है।
इस घटना के बाद दिल्ली के सरोज अस्पताल में अब सभी ओपीडी सेवाओं को बंद कर दिया गया है। अस्पताल में जो 80 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें से 12 को अस्पताल में भर्ती किया गया हैं। वहीं बाकी सभी को होम क्वारनटीन कर दिया गया है। कोरोना के कारण अस्पताल के सीनियर सर्जन डॉ. एके रावत की मौत हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को केजरीवाल की चिठ्टी
दिल्ली में कोरोना से बिगड़ते हालातों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को कोरोना वैक्सीन को लेकर चिठ्टी लिखी है. इस चिठ्टी में केजरीवाल ने वैक्सीनेशन के लिए वैक्सीन के डोज मांगे हैं। अरविंद केजरीवाल ने 18 से 45 वर्ष के लोगों का डेटा देते हुए दिल्ली सरकार की ओर से डिमांड रखी है। दिल्ली में बीते दिन भी 13 हजार से अधिक कोरोना के नए केस आए हैं, जबकि 273 लोगों की मौत दर्ज हुई। दिल्ली में इस वक्त 86 हजार के करीब एक्टिव केस हैं। ऐसे में दिल्ली के अस्पतालों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।